पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र स्थित खड़बंध गांव में अंधविश्वास की वजह से एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डायन-बिसाही के शक में 45 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हड़िया पिलाने के बहाने घर से ले गया
मृतका की पहचान शरू गोप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पुंडुवा सिंकू रविवार शाम को देवेंद्र गोप के घर पहुंचा और हड़िया पिलाने के बहाने शरू गोप को अपने साथ ले गया। आरोप है कि सुनसान स्थान पर ले जाकर उसने धारदार हथियार से महिला का गला रेत दिया और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
तालाब किनारे झाड़ियों में मिला शव
रातभर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने महिला की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह गांव का एक युवक तालाब के पास झाड़ियों की ओर गया, जहां उसे खून से लथपथ शव दिखाई दिया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान शरू गोप के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
बीमार बेटे को लेकर था अंधविश्वास
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी के एक महीने के बेटे की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। उसे संदेह था कि शरू गोप ने उसके बच्चे पर कथित तौर पर डायन-बिसाही का प्रभाव डाला है। इसी अंधविश्वास और शक के चलते उसने महिला की हत्या कर दी।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान आरोपी पुंडुवा सिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
यह घटना एक बार फिर समाज में व्याप्त अंधविश्वास की गंभीर समस्या को उजागर करती है, जिसके कारण निर्दोष लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
