रांची RSS कार्यालय हमले के तार तलाशने में जुटी NIA, लोहरदगा में कई जगह छापेमारी

रांची RSS कार्यालय पेट्रोल बम हमले की जांच में NIA ने लोहरदगा के पांच ठिकानों पर छापेमारी की। दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खंगाले गए, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।

Dayanand Roy
2 Min Read

NIA Raid: रांची स्थित RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच के सिलसिले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार सुबह लोहरदगा में बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से जिले के पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की।

जानकारी के मुताबिक, NIA की टीम सुबह करीब 4 बजे संदिग्धों के ठिकानों पर पहुंची। छापेमारी के दौरान दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य अहम साक्ष्यों की गहन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले के मुख्य आरोपी अमन अंसारी, जो फिलहाल न्यायिक हिरासत में है, उसके घर पर भी NIA की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि घर का दरवाजा नहीं खुलने पर बिजली विभाग की क्रेन की मदद ली गई। पुलिसकर्मी ऊपर पहुंचकर ताले तक पहुंचे, जिसके बाद आगे की जांच की गई।

हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर NIA ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद एजेंसी पूरे मामले की विस्तृत जानकारी साझा करेगी।

फिलहाल NIA हमले से जुड़े पूरे नेटवर्क, संभावित आरोपियों और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच में जुटी हुई है। छापेमारी के बाद इलाके में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *