सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर वार्ड नंबर-5 स्थित मजार लाइन के पास मंगलवार दोपहर कथित रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-20 निवासी अफसर नवाज़ घायल हो गए हैं।
घायल अफसर नवाज़ के अनुसार, वह वार्ड नंबर-5 स्थित अपनी रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक वहां पहुंचकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे।
रंगदारी नहीं देने पर चली गोली
अफसर नवाज़ का आरोप है कि मौके पर मौजूद युवकों ने उनसे रंगदारी देने या निर्माण कार्य बंद करने को कहा। विरोध करने पर एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। उन्होंने बताया कि कुछ संदिग्ध युवक सुबह से ही इलाके में रेकी कर रहे थे।
घायल के मुताबिक, फायरिंग के दौरान एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटनास्थल से मिले दो खोखे
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं। पूरे इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।
बढ़ती आपराधिक घटनाओं से लोग चिंतित
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से कपाली क्षेत्र में हत्या, मारपीट और चापड़बाजी जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
