बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पेक नारायणपुर थाना क्षेत्र के ऊपरघाट स्थित डुमरिया टांड जंगल में एक युवक और युवती का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। हैरानी की बात यह है कि दोनों के शव युवती की ही साड़ी के सहारे एक साथ लटके हुए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान पोखरिया पंचायत की रहने वाली युवती और घोवैया गांव के युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवती शादीशुदा थी।
शरीर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका से गहराया मामला
इस घटना में सबसे चौंकाने वाली बात युवक के शरीर पर मिले चोट के निशान हैं। युवक की आंख और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म पाए गए हैं। वहीं युवती के शरीर पर भी चोट के निशान होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के शव करीब तीन से चार दिन पुराने बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के बीच प्रेम-प्रसंग को लेकर चर्चा है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि कहीं दोनों की हत्या कर शवों को पेड़ से तो नहीं लटकाया गया। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
तेज बदबू से हुआ शवों का खुलासा
जानकारी के मुताबिक जंगल से आ रही तेज दुर्गंध के कारण ग्रामीणों का ध्यान उस ओर गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया।
पेक नारायणपुर थाना प्रभारी मुकेश दयाल सिंह के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट अनुमंडल अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की गई है।
परिजनों को दी गई सूचना, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पूछताछ के लिए उन्हें थाने बुलाया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे किसी आपराधिक साजिश की भूमिका है।
फिलहाल बोकारो के इस जंगल में मिले दो शव कई सवाल खड़े कर रहे हैं। आखिर दोनों की मौत कैसे हुई? शरीर पर चोट के निशान कैसे आए? और क्या इस घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग या कोई दूसरी वजह है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।
