Jamshedpur News: जमशेदपुर शहर के मानगो स्थित उलीडीह ओपी क्षेत्र में एक युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। रविवार सुबह आदिवासी क्लब के समीप झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, विकास सिंह शनिवार रात अपने भगिने से मिलने उलीडीह गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। देर रात तक उसके नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग चिंतित हो गए थे। रविवार सुबह एक स्थानीय युवती ने फोन कर विकास का शव मिलने की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। शरीर पर मौजूद चोटों के निशानों को देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है। मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर संदेह व्यक्त किया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और घटना की परिस्थितियों के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
