जामताड़ा: गोबिंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर शनिवार देर रात शराब की बोतलों से लदी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा खागा थाना क्षेत्र में धावा और चापुड़िया के बीच हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन में रखी शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बोतलें उठाने की होड़ लग गई।
बताया जा रहा है कि पिकअप वैन पर लदी शराब की बोतलों पर कोई लेबल नहीं लगा था। हादसे के बाद चालक समेत वाहन में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन का नंबर जेएच 10 सीएफ 2760 बताया जा रहा है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लिया
घटना की सूचना मिलने के बाद खागा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
‘डाक पार्सल’ लिखी गाड़ी में शराब की खेप से सवाल
पिकअप वैन पर ‘डाक पार्सल’ लिखा हुआ था। वहीं, वाहन से बिना लेबल वाली शराब की बोतलें बरामद होने के बाद शराब की खेप के परिवहन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि डाक पार्सल लिखे वाहन में शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किस जगह पहुंचाया जाना था।
हादसे के बाद चालक और अन्य लोगों के मौके से फरार होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, शराब की खेप वैध थी या अवैध, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और उसके परिवहन से जुड़ी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
