Illegal Gun Factory : हजारीबाग और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध हथियार बनाने और सप्लाई करने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित ए.के. कोलियरी इलाके में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने दंपती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में एक युवक को अवैध रिवॉल्वर के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस रामगढ़ पहुंची, जहां संयुक्त छापेमारी में इस फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से अर्द्धनिर्मित देसी पिस्टल, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, वेल्डिंग उपकरण, बैरल, ट्रिगर, स्प्रिंग समेत बड़ी मात्रा में हथियार बनाने के पुर्जे बरामद किए। बरामद सामान से यह आशंका जताई जा रही है कि यहां लंबे समय से अवैध तरीके से हथियार तैयार किए जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस फैक्ट्री में बने हथियार झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी सप्लाई किए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है, हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इसके तार किन-किन जिलों से जुड़े हैं।
पुलिस ने फैक्ट्री से मिले सभी हथियार और उपकरण जब्त कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिल रही जानकारी के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का मानना है कि एक अवैध हथियार की बरामदगी से शुरू हुई जांच ने अब एक बड़े हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। साथ ही इस सिंडिकेट की आर्थिक और आपराधिक गतिविधियों की भी गहराई से जांच की जा रही है।
