रांची: राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब इसकी चपेट में बच्चे भी आ रहे हैं। रांची में स्वाइन फ्लू से संक्रमित पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें भागलपुर का पांच महीने का एक नवजात भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ बच्चों को पहले निमोनिया की शिकायत थी। जांच के बाद उनमें H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई। फिलहाल सभी बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, गुरुवार तक रांची में स्वाइन फ्लू के 24 संक्रमित मरीज सामने आ चुके थे।
RIMS और सदर अस्पताल अलर्ट पर
रांची में बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। RIMS और सदर अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। RIMS में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग व्यवस्था की गई है।
RIMS के कॉटेज के ग्राउंड फ्लोर को स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आरक्षित किया गया है। यहां संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दूसरे राज्यों और शहरों से रांची आने वाले मरीजों को लेकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
स्वाइन फ्लू के क्या हैं लक्षण?
स्वाइन फ्लू होने पर अचानक तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी और ज्यादा थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत भी हो सकती है।
वहीं, सांस लेने में परेशानी, तेज सांस चलना, लगातार तेज बुखार, बहुत ज्यादा सुस्ती, दूध या पानी नहीं पी पाना और होंठ या चेहरा नीला पड़ना गंभीर लक्षण माने जाते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बच्चे को तुरंत डॉक्टर के पास ले जाना चाहिए।
