पलामू में ₹25 हजार की उधारी बनी हत्या की वजह, पारा शिक्षक को दोस्त ने फरसे से काट डाला

पलामू के छतरपुर में पारा शिक्षक उदय सिंह की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। ₹25 हजार की उधारी और विवाद को हत्या की वजह बताया गया।

Dayanand Roy
2 Min Read

Para Teacher Murder: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में पारा शिक्षक सह ग्रामीण चिकित्सक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, ₹25 हजार की उधारी और आपसी विवाद इस सनसनीखेज हत्याकांड की वजह बना। मामले में मृतक के पुराने परिचित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मृतक की पहचान उदय सिंह के रूप में हुई है, जो चिल्हो खुर्द गांव के निवासी थे। वहीं गिरफ्तार आरोपी का नाम सुरेंद्र यादव बताया गया है, जो छतरपुर थाना क्षेत्र के नाग बाबा इलाके का रहने वाला है।

दोस्ती से शुरू हुआ विवाद, हत्या तक पहुंचा मामला

पुलिस जांच में सामने आया है कि उदय सिंह और सुरेंद्र यादव पुराने परिचित थे और दोनों पारा शिक्षक के रूप में काम कर चुके थे। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों का लेन-देन हुआ था।

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि करीब 6 महीने पहले उदय सिंह ने उसे ₹25,000 उधार दिए थे। बाद में उदय सिंह ने ब्याज सहित ₹50,000 लौटाने की मांग की, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

फरसे से हमला कर की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित अपमान का बदला लेने की साजिश रची और 28 मई को धारदार हथियार से हमला कर उदय सिंह की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर छतरपुर थाना कांड संख्या 83/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238 में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बरामद किए अहम सबूत

एसपी के निर्देश पर छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फरसा, मृतक का मोबाइल फोन, वारदात के समय पहने कपड़े और बाइक बरामद कर ली गई है।

इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *