बिरसा चौक से मोरहाबादी तक दिखा आदिवासी समाज का जनसैलाब, हजारों लोग पैदल पहुंचे रैली स्थल

बिरसा चौक से मोरहाबादी मैदान तक आदिवासी समाज का जनसैलाब उमड़ा। हजारों महिला, पुरुष और युवा पैदल रैली स्थल पहुंचे, परिसीमन विरोधी महाजुटान में दिखा उत्साह।

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची: राजधानी रांची में रविवार को आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बिरसा चौक से लेकर मोरहाबादी मैदान तक सड़कों पर आदिवासी समाज के लोगों की भारी भीड़ नजर आ रही है। अलग-अलग इलाकों से महिला, पुरुष और युवा बड़ी संख्या में पैदल मोरहाबादी मैदान की ओर बढ़ रहे हैं।

बिरसा चौक से मोरहाबादी तक सड़कों पर भीड़

रैली में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देखते ही देखते बिरसा चौक से मोरहाबादी तक सड़क पर जगह-जगह लोगों के समूह नजर आने लगे। कई लोग एक साथ पैदल चलते हुए रैली स्थल की ओर बढ़ रहे हैं।

विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों में महाजुटान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। महिला और युवाओं की भी बड़ी संख्या में भागीदारी देखने को मिल रही है।

रैली को लेकर बढ़ी शहर की हलचल

आदिवासी एकता महाजुटान को लेकर रांची में सुबह से ही चहल-पहल बढ़ गई है। शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगातार लोग मोरहाबादी मैदान पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए रैली स्थल और आसपास के इलाकों में प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर भी नजर रखी जा रही है।

आयोजकों के अनुसार, महाजुटान में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। परिसीमन के विरोध और आदिवासी अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित इस रैली में समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी देखने को मिल रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *