जामताड़ा में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, बैंक और बिजली बिल के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा में बैंक अधिकारी और बिजली बिल के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। देशभर में डिजिटल फ्रॉड करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ

Dayanand Roy
2 Min Read

जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर 5 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई करमाटांड़ थाना क्षेत्र के मटटाँड़, सियाटाँड़, झिलुआ के जंगलों और नारायणपुर थाना क्षेत्र के लोकनियाँ गांव में की गई। गिरफ्तार आरोपियों पर देशभर के लोगों से बैंक अधिकारी और बिजली विभाग के नाम पर ठगी करने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 मोबाइल फोन, 14 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप और करीब 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खुद को बैंक का नोडल अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे और कार्ड ब्लॉक होने का डर दिखाकर ओटीपी व अन्य गोपनीय जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद वे PhonePe और Google Pay के जरिए खातों से पैसे निकाल लेते थे।

इसके अलावा, ये आरोपी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं को बिजली काटने की धमकी देते थे और फर्जी लिंक भेजकर बिजली बिल भुगतान के नाम पर ठगी करते थे।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी चार्जशीटेड रह चुके हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *