बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में चोरों ने दो बंद आवासों को निशाना बनाते हुए सोने के जेवरात और नकदी की चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रेलवे के दो अधिकारियों के आवास (डीएस/111/38/एफ और डीएस/111/38/ई) में देर रात चोरी की वारदात हुई। स्थानीय लोगों ने सुबह दोनों घरों के ताले टूटे हुए देखे और इसकी सूचना पुलिस व घर मालिकों को दी।
सूचना मिलते ही बालीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति चेहरा ढके हुए कॉलोनी में घूमते नजर आए हैं। पुलिस ने उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवार घर बंद कर अलग-अलग कारणों से बाहर गए हुए थे, इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घरों का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित आवासधारी के लौटने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। चोरी गए सामानों में सोने के जेवरात, कैमरा और नकदी शामिल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
