रांची: झारखंड के चर्चित शराब घोटाले में एक नया मोड़ सामने आया है। मैनपावर सप्लाई एजेंसी सुमित फैसिलिटीज के निदेशक अमित प्रभाकर सलौंकी ने विदेश जाने की अनुमति के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है।
इस संबंध में एसीबी की विशेष अदालत में सुनवाई हुई, जिसमें अगली तारीख 5 मई निर्धारित की गई है।
स्पेन जाने की मांगी अनुमति
जानकारी के अनुसार अमित सलौंकी ने कारोबारी कामकाज के सिलसिले में स्पेन जाने की अनुमति मांगी है। इसके लिए उन्होंने अदालत में औपचारिक आवेदन दाखिल किया है।
अब इस पर अदालत का फैसला अगली सुनवाई में आने की संभावना है।
2025 में हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि वर्ष 2022-23 के दौरान उनकी कंपनी ने झारखंड में मैनपावर सप्लाई का काम किया था। इसी मामले में जांच एजेंसी एसीबी ने 23 जुलाई 2025 को पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था।
हालांकि बाद में चार्जशीट दाखिल होने के बाद उन्हें जमानत मिल गई थी।
कई आरोपी पहले से जेल में
इस घोटाले में निलंबित आईएएस विनय चौबे समेत डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों को एसीबी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जांच प्रक्रिया पर उठे सवाल
मामले में कार्रवाई शुरू हुए करीब एक वर्ष हो चुका है, लेकिन अब तक जांच एजेंसी की ओर से पूरी चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है।
इस वजह से जांच की गति और प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
