सरकार पूरी ईमानदारी से बिहार को आगे ले जा रही है : नीतीश कुमार

Dayanand Roy
6 Min Read

राज्य के विकास में केंद्र सरकार ने भरपूर सहयोग किया है

महेश कुमार सिन्हा

पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को विधानसभा में कहा कि  बिहार की जनता ने हालिया  चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एनडीए को भारी बहुमत से विजय दिलाई। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि बिहार में विकास, शांति और भाईचारे की जीत है।

मुख्यमंत्री ने सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद के प्रस्ताव पर चर्चा के के बीच कहा कि आज बिहार में किसी तरह का तनाव या विभाजन का माहौल नहीं है। राज्य में शांति, सद्भाव और प्रेम का वातावरण स्थापित हुआ है। यह सरकार की प्रतिबद्धता और जनता के सहयोग से संभव हो पाया है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री  ने विपक्ष पर जोरदार हमला भी बोला।

नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार की ओर से बिहार को मिलने वाली मदद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार ने भी भरपूर सहयोग किया है। जुलाई 2024 के बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गई।

फिर फरवरी 2025 के बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोशी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गई है। वर्ष 2018 में देश के कुछ राज्यों में खेलो इंडिया का आयोजन हुआ था। अब इस वर्ष खेलो इंडिया यूथ गेम का आयोजन बिहार में हुआ है। इन सबके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नमन करते हैं। इतना कहने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष की तरफ इशारा करते हुए कहा कि सब करिए ना नमन। एक बार हाथ उठाकर कीजिए। सब काम किए, सबकुछ कर रहे हैं।

जब विपक्ष के लोगों ने हाथ नहीं उठाया तो मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि आप लोग काहे नहीं करते हैं। आप लोग भी करिए। सबके लिए काम कर रहे हैं, सब तरह से।  इससपर राजद विधायक भाई विरेंद्र ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को टोका। तब मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तो दो बार आप लोगों को दूसरा तरफ रखे हुए थे त केतना हम काम किए थे। उन्होंने कहा कि उस वक्त तो आप मेरा सब बतवा मान लेते थे। बाद में गड़बड़ किए तो हम छोड़ दिए और अब कभी नहीं जाएंगे, अब यहीं रहेंगे। लेकिन इतना जो काम हुआ है तो आप लोग इसे याद रखिए।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सदन में मौजूद नहीं थे। मुख्यमंत्री ने  कहा कि केंद्र सरकार से बिहार को जो मदद मिल रही है, उसके लिए सभी सदस्यों को प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद और सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काम किसी एक पार्टी का नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री देश के हर नागरिक के लिए काम कर रहे हैं। आने वाले 5 सालों में बहुत काम किया जाएगा। तेजी से औद्योगिक विकास किए जाएंगे। गांव के साथ-साथ शहरों में तेजी से विकास किया जाएगा। 27 जिलो में नए मेडिकल कॉलेज बनाए जा रहे हैं,इसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।

पीएमसीएच को 5 हजार 400 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है। आईजीआईएमएस में 3000 बेड बनाया जा रहा है। पूरे बिहार से कहीं से भी पटना पहुंचने का 6 घंटे का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। फिलहाल 5 घंटे में कहीं से भी पटना पहुंचने का लक्ष्य पूरा हो गया है। 2008 में कृषि रोड मैप बना कर काम किया जा रहा है। मछली का उत्पादन ढाई गुना से अधिक हो गया है।

मछली उत्पादन में बिहार आत्मनिर्भर हो गया है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना शुरू की गई है। इसमें एक करोड़ 56 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये दिए गए। सरकार ने सभी तबके का विकास किया है। मुस्लिम समुदाय के काफी काम हुए। मदरसों को सरकारी मान्यता दी गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि अब नियोजित शिक्षकों को बीपीएससी की परीक्षा देने की जरूरत नहीं है।

अब वो एक मामूली परीक्षा देकर सरकारी शिक्षक बन जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए कहा कि इसमें सरकार के विकास कार्यों का स्पष्ट और सटीक उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण में जो बातें कही गई हैं, वे जमीनी हकीकत को दर्शाती हैं। सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ बिहार को आगे ले जाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सभी विधायकों और जनता से अपील की कि वे विकास की इस यात्रा में एकजुट होकर सरकार का साथ दें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *