83 साल की उम्र में भी बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन अपनी ऊर्जा, फिटनेस और सकारात्मक सोच से लोगों को प्रेरित करते हैं। अक्सर लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि आखिर बिग बी इतनी उम्र में भी मानसिक और शारीरिक रूप से इतने स्वस्थ, खुश और तनावमुक्त कैसे रहते हैं। अब उनके इस फिटनेस मंत्र से आयुष मंत्रालय ने पर्दा उठाया है।
दरअसल, आयुष मंत्रालय ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमिताभ बच्चन का एक पुराना वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में बिग बी अपनी अच्छी सेहत और सक्रिय जीवनशैली के पीछे का रहस्य बताते नजर आ रहे हैं।
योग से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव
वीडियो में अमिताभ बच्चन कहते हैं कि वह प्रतिदिन योग करते हैं और यही उनकी फिटनेस का सबसे बड़ा राज है। उनके अनुसार, योग ने उनके जीवन में कई सकारात्मक बदलाव लाए हैं। इससे न केवल उनका शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर हुआ है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी मिला है। बिग बी ने अपने प्रशंसकों से भी नियमित रूप से योग अपनाने की अपील की है।
योग के अनेक फायदे
योग केवल शरीर को स्वस्थ और लचीला बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह तनाव कम करने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में भी मदद करता है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से फिट, मानसिक रूप से मजबूत और जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
