नीतीश कुमार का नाम लंदन के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल

Dayanand Roy
4 Min Read

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ गई है। लंदन के वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने  10वीं बार बतौर बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर नीतीश कुमार को बधाई दी है। 

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने पत्र के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा है कि यह देश के लिए गौरव की बात है कि 1947 से लेकर 2025 तक, आप देश के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

यह भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक अद्वितीय उपलब्धि है। यह असाधारण उपलब्धि आपके अटूट समर्पण, दूरदर्शी नेतृत्व और बिहार की जनता का आप पर विश्वास और प्रशंसा को दर्शाती है।

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने पत्र के माध्यम से कहा है कि लगातार 10 बार राज्य का नेतृत्व करना लोकतांत्रिक इतिहास में एक दुर्लभ उपलब्धि है। यह न केवल एक उल्लेखनीय व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए गौरव का क्षण भी है। शासन, विकास, सामाजिक कल्याण और प्रशासनिक स्थिरता के प्रति आपका यह निरंतर प्रयास लाखों लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने संसूचित किया है कि इस अनुकरणीय और ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में औपचारिक रूप से नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री बिहार का नाम अपनी प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल कर आपको आधिकारिक प्रमाण पत्र समर्पित करने पर खुद को गौरवान्वित महसूस करेगा।

संस्था ने घोषणा की है कि इस अनूठी उपलब्धि के सम्मान में वे नीतीश कुमार का नाम अपनी वैश्विक सम्मान सूची में औपचारिक रूप से शामिल करेंगे। इसके साथ ही उन्हें एक प्रतिष्ठित आधिकारिक प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा। संस्था ने इसे अपने लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि ऐसे रिकॉर्ड बहुत कम देखने को मिलते हैं। दरअसल बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार पिछले दो दशक से केंद्रीय चेहरा बने हुए हैं।

1947 में भारत की स्वतंत्रता के बाद से लेकर 2025 तक किसी भी राज्य में किसी भी व्यक्ति ने 10 बार मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं ली है। इस लिहाज से यह उपलब्धि न केवल अभूतपूर्व है, बल्कि भारतीय लोकतंत्र में नई मिसाल भी कायम करती है।

उल्लेखनीय है कि वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन एक अग्रणी वैश्विक संस्था है जो असाधारण विश्व रिकॉडों और उल्लेखनीय समावेशनों को मान्यता देने और पंजीकृत करने के लिए समर्पित है। यह संस्था दुनिया भर के प्रतिष्ठित व्यक्तियों, संस्थानों और ऐतिहासिक स्थलों की उल्लेखनीय उपलब्धियों, सांस्कृतिक विरासत और योगदानों का सम्मान करता है।

 वर्ल्ड बुक का रिकॉर्ड द्वारामुख्यमंत्री नीतीश कुमार को  बधाई दिए जाने पर राज्य के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि निश्चित तौर पर एक बड़ा कार्यकाल मुख्यमंत्री के नाम रहा है।  किसी प्रदेश का 10वीं बार  मुख्यमंत्री बनना निश्चित तौर पर देश में पहला रिकॉर्ड है। नीतीश कुमार की जो क्षमता है और जिस निष्ठा के साथ उन्होंने काम किया है वह तारीफ के योग्य है ही। उन्होंने कहा कि उसी का प्रतिफल है कि बिहार तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *