सुबह उठने पर हल्का मुंह या गला सूखना आम बात है, क्योंकि 7 से 8 घंटे की नींद के दौरान शरीर को पानी नहीं मिलता। लेकिन यदि रोजाना नींद खुलते ही अत्यधिक प्यास लगती है, मुंह में चिपचिपापन महसूस होता है या लार बनना बहुत कम हो जाता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। मेडिकल भाषा में इस स्थिति को जेरोस्टोमिया (Xerostomia) या ड्राई माउथ (Dry Mouth) कहा जाता है। यह केवल एक साधारण समस्या नहीं, बल्कि कई स्वास्थ्य समस्याओं का शुरुआती संकेत भी हो सकती है।
ड्राई माउथ के प्रमुख लक्षण
- मुंह में लगातार सूखापन या चिपचिपापन महसूस होना
- खाना चबाने, निगलने या बोलने में परेशानी होना
- गले में बार-बार खराश रहना
- रात में कई बार प्यास लगना
- मुंह से दुर्गंध आना
- होंठों का फटना
- मुंह के कोनों में घाव या छाले होना
- बार-बार मुंह सूखने के कारण
बार-बार मुंह सूखने के कारण
ड्राई माउथ के पीछे कई शारीरिक और जीवनशैली से जुड़े कारण हो सकते हैं।
डिहाइड्रेशन
शरीर में पानी की कमी इसका सबसे सामान्य कारण है। दिनभर पर्याप्त पानी न पीना या सोने से पहले कम पानी लेने से लार का उत्पादन घट सकता है।
मुंह से सांस लेना
नाक बंद रहने या सोते समय मुंह से सांस लेने वाले लोगों में सुबह गला और मुंह अधिक सूख सकता है।
खर्राटे और स्लीप एप्निया
स्लीप एप्निया या लगातार खर्राटे लेने से भी लार का प्रवाह कम हो जाता है।
दवाइयों और बीमारियों का प्रभाव
कुछ दवाइयों के साइड इफेक्ट के कारण ड्राई माउथ की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, डायबिटीज और कुछ ऑटोइम्यून बीमारियां भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकती हैं।
बढ़ती उम्र
उम्र बढ़ने के साथ लार ग्रंथियों की सक्रियता कम हो जाती है, जिससे बुजुर्गों में यह समस्या अधिक देखने को मिलती है।
लापरवाही से बढ़ सकता है दांतों का खतरा
लार केवल मुंह को नम नहीं रखती, बल्कि हानिकारक बैक्टीरिया से भी सुरक्षा प्रदान करती है। इसकी कमी से दांतों में सड़न, मसूड़ों की बीमारी, फंगल संक्रमण, मुंह के छाले और स्वाद में बदलाव जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
राहत पाने के आसान उपाय
दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और रात में अपने पास पानी जरूर रखें। चाय, कॉफी और अल्कोहल का सेवन सीमित करें क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। मुंह की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और अल्कोहल-फ्री माउथवॉश का इस्तेमाल करें। यदि समस्या लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।
