बाबूलाल सोरेन पर हेमंत का तंज, कहा- वो ऐसा बैल जो खाया-पिया मोटाया झामुमो में और हल जोतने चला गया भाजपा के खेत में

Dayanand Roy
2 Min Read

घाटशिला : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को धालभूमगढ़ में गठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस मौके पर उन्होंने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन पर तंज कसते हुए कहा कि आज जो प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी का आपको दिखता है, वह कौन है? वह ऐसा बैल है जो खाया-पिया-मोटाया झामुमो में और हल जोतने चला गया भाजपा के खेत में।

ऐसे ही लोग हैं जो हमारे बीच-बीच में हमारे आंदोलन को कमजोर करते हैं। आज इसी वजह से 30 से 40 वर्ष लग गए इस राज्य को अलग करने में। कई आंदोलनकारी आज भी जीवित हैं और बुजुर्ग हो गए हैं।  लेकिन हमारी पीढ़ी जवान हो गई है।

अब हम लोगों ने भी कंधा मजबूत कर लिया है और ऐसे लोगों को मुंह तोड़ जवाब देने का ताकत भी हम रखते हैं। हेमंत ने कहा कि राज्य अलग करने की ऐतिहासिक लड़ाई में न जाने कितनी महिलाएं विधवा हो गई, कितने लोग शहीद हो गए, ना जाने कितने नौजवान अनाथ हो गए, तब जाकर हमें यह झारखण्ड राज्य मिला।

राज्य वर्ष 2000 में मिला लेकिन 2000 के बाद इस राज्य को चलाने का मौका उन्हीं को मिला, जो यहां के लोगों का शोषक रहा – जो आदिवासी, दलित, पिछड़ा विरोधी रहा है। यह वही है जो आज भारतीय जनता पार्टी के रूप में आपके सामने खड़ी है।

आज आपकी राज्य सरकार, समाज के हर वर्ग को मजबूती देने का काम कर रही है। मईंया को आर्थिक मदद, बिजली बिल माफी, पेंशन, राशन और आवास, आदि आपकी इसी सरकार ने झारखण्ड के लोगों को देने का काम किया है, जो निरंतर जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *