Home Bihar बिहार में पहले चरण की अधिकतर सीटों पर एनडीए और महागठबंधन में सीधा मुकाबला

बिहार में पहले चरण की अधिकतर सीटों पर एनडीए और महागठबंधन में सीधा मुकाबला

by Dayanand Roy

भाजपा का 25 और जदयू का 34 सीटों पर राजद से भिड़ंत

23 सीटों पर कांग्रेस एनडीए के सामने

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब सिर्फ पांच दिन बाकी है। पहले चरण में राज्य के 18 जिलों की 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होना है ।इन सीटों के लिए प्रचार का शोर 4 नवंबर को शाम 5 बजे थम जायेगा।

छठ महापर्व संपन्न होने के बाद  चुनाव प्रचार  में तेजी आ गई थी और वह चरम की ओर बढ़ रहा था। लेकिन मोंथा तूफान  के असर के कारण बीते दो दिन चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रभावित रहा। पहले चरण में कुल  1314 उम्मीदवार  मैदान में हैं।

इनके किस्मत का फैसला इन क्षेत्रों के 3.75 करोड़ मतदाता 45,341 मतदान केन्द्रों पर  वोट डाल कर  करेंगे। मुख्य मुकाबला दोनों प्रमुख गठबंधनों एनडीए और महागठबंधन के बीच है। कई सीटों पर प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी और  कुछ अन्य पर असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम मुकाबले को त्रिकोणीय बनाती नजर आ रही है।कुछ सीटों पर बेटिकट हुए बागी नेताओं का विद्रोह पार्टियों को परेशान कर रहा है।

पहले चरण में जिन 121 सीटों के लिए चुनाव हो रहा है, उनमें से 62 पर 2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की और 59 पर एनडीए की जीत हुई थी। इस बार भी इन पर  कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। महागठबंधन में सीट  बंटवारे में खींचतान को लेकर हुई देरी और पार्टी कार्यकर्ताओं में उभरे असंतोष का असर  पड़ सकता है। चुनाव प्रचार में भी महागठबंधन पिछड़ गया है।

अकेले तेजस्वी यादव कमान संभालने हुए थे। राहुल गांधी बहुत देर से मैदान में उतरे। उधर एनडीए के लिए आक्रामक प्रचार करते हुए भाजपा ने अपनी फौज उतार दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्री समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल बनाया है।

इससे लगता है कि एनडीए का पलड़ा भारी है।लोजपा(रा) के प्रदर्शन के कारण एनडीए को और कांग्रेस  की वजह  से महागठबंधन को कुछ सीटों का नुकसान हो सकता है। ऐसे में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है।

पहले चरण में भाजपा का 25 और जदयू का 34 सीटों पर राजद से भिड़ंत है। 23 सीटों पर कांग्रेस और एनडीए आमने -सामने है। 12 सीटों पर भाजपा और कांग्रेस में टक्कर है। 11 सीटों पर कांग्रेस और जदयू मे भिड़ंत है। 12 सीटों पर लोजपा(रा) और राजद आमने-सामने है। दो सीटों पर राजद  का मुकाबला राष्ट्रीय लोक मोर्चा(रालोमो) से है।

भाकपा-माले का जदयू से सात,भाजपा से पांच और लोजपा(रा) से दो सीटों पर मुकाबला है। माकपा का दो सीट पर  जदयू से और एक पर भाजपा से भिड़ंत है। भाकपा और भाजपा एक सीट पर आमने-सामने है।वीआईपी का तीन सीट पर भाजपा और एक पर जदयू से मुकाबला है। आईआईपी का एक सीट पर भाजपा और एक पर जदयू से टक्कर है।

Related Articles

Leave a Comment