झारखंड के पाकुड़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। महेशपुर थाना क्षेत्र के रद्दीपुर ओपी अंतर्गत गड़मारा गांव में शराब के नशे में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। घटना का खुलासा गुरुवार को होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक मदन कुमार शर्मा, सीओ संजय सिन्हा, महेशपुर थाना प्रभारी रवि शर्मा और ओपी प्रभारी अजय कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस जांच में घर के आंगन से 12 वर्षीय नेहा टुडू का शव बरामद किया गया, जबकि उसकी मां सूरुज किस्कु लापता थीं। बाद में गांव में ही एक निर्माणाधीन घर के अंदर गड्ढा खोदकर दफनाया गया महिला का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी पति नरेश टुडू को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रामीणों और परिजनों के मुताबिक, आरोपी अक्सर शराब के नशे में रहता था और पत्नी के साथ मारपीट भी करता था। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिन पहले पश्चिम बंगाल में ईंट भट्ठे पर काम करने गया था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि नशे की हालत में आरोपी ने पत्थर से कुचलकर पत्नी की हत्या कर दी। मां को बचाने आई बेटी की भी कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपी ने पत्नी के शव को निर्माणाधीन मकान में दफना दिया।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और पत्थर बरामद किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
