Jamshedpur Gangrape : जमशेदपुर एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब छह घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक, मोबाइल फोन और घटनास्थल से शराब व बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि दोनों आरोपी उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए, जहां पहले उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई। पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के जरिए सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है।
दोनों आरोपी चालक, कई सामान बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है। दोनों पेशे से चालक बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
