बिहार में चढ़ गया सियासी पारा, भाजपा ने चुनाव प्रचार में उतारी अपनी फौज

Dayanand Roy
3 Min Read

महेश कुमार सिन्हा

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब आठ दिन बचे हैं। इसको लेकर चुनावी पारा चढ़ गया है। दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के कारण  चुनाव प्रचार मंद पड़ गया था।

अब भाजपा ने चुनाव  प्रचार में अपनी फौज उतार दी है। दो केंद्रीय मंत्री और तीन राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार  को बिहार में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दरभंगा,समस्तीपुर और बेगूसराय में एनडीए के सात उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हायाघाट, वाढ़ और छपरा में एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष  में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए  प्रत्याशियों के लिए रघुनाथपुर, शाहपुर और बक्सर में सभाएं की। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भागलपुर और बांका में चुनावी सभा को संबोधित किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एनडीए उम्मीदवारों के लिए  मुजफ्फरपुर और पटना साहिब  में जनसभा की।उधर महागठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सकरा और दरभंगा ग्रामीण क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया।

चुनाव प्रचार में अब तक एनडीए महागठबंधन से बहुत आगे है। एनडीए के पक्ष में  इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और नौ राज्यो के मुख्यमंत्री के अलावे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दौर प्रचार कर चुके हैं। जबकि महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव को छोड़कर कोई बड़े नेता चुनाव प्रचार में नहीं उतरे थे।

अब राहुल गांधी बहुत दिनों बाद बिहार आये हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी महासचिव व सांसद  प्रियंका गांधी की सभाओं का भी कार्यक्रम बन रहा है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को फिर बिहार आ रहे हैं। वे मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी दो नवंबर को पटना मे रोड शो करेंगे ।उस दिन वह आरा और नवादा में जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

मालूम हो कि पहले चरण में 6 नवंबर  को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार 4 नवंबर  को खत्म हो जायेगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *