Latehar : लातेहार जिले के बालुमाथ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। चट्टी टोला में 24 वर्षीय एक युवक ने अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिसकी इस अचानक मौत से पूरे परिवार और इलाके में मातम पसर गया है।
घटना का विवरण
मृतक की पहचान स्व. शंकर श्रीवास्तव के पुत्र चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो कुछ समय से अपने चाचा के साथ रह रहा था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार की रात तक सब कुछ सामान्य था और वह खाना खाकर अपने कमरे में सोने गया था।
लेकिन रविवार की सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आया, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। चिंता बढ़ने पर परिजनों ने छत फांदकर उसके कमरे में प्रवेश किया, जहां उन्होंने चंदन को फंदे से झूलता हुआ पाया।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालुमाथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की जांच
बालुमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिंहा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हालांकि, युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के पीछे के स्पष्ट कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इकलौते बेटे की मौत के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
