नेहा महतो झारखंड ओलंपिक संघ की वरीय उपाध्यक्ष मनोनीत

Dayanand Roy
2 Min Read

रांची : झारखंड तीरंदाजी संघ की वरीय उपाध्यक्ष और बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी (सिल्ली) की अध्यक्ष नेहा महतो को झारखंड ओलंपिक संघ का वरीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

झारखंड ओलंपिक संघ के सेक्रेटरी जनरल मधुकांत पाठक ने बताया कि अध्यक्ष आरके आनंद की ओर से नेहा महतो को वरीय उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

पूर्व में वर्ष 2015 में नेहा महतो के नेतृत्व में बिरसा मुंडा तीरंदाजी अकादमी को खेल और बाल कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों राष्ट्रीय बाल कल्याण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। यह सम्मान अकादमी को खिलाड़ियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया था।

मधुकांत पाठक ने नेहा महतो को पत्र लिख कर सूचित किया है कि झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके. आनंद ने उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान और बाल कल्याण के क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय भूमिका के लिए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

पत्र में कहा गया है कि नेहा महतो ने झारखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्रों सहित पूरे राज्य में तीरंदाजी को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है।

उनकी इस नई भूमिका से न केवल तीरंदाजी, बल्कि अन्य खेल विधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा और झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर और बेहतर होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *