झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 11 जुलाई तक येलो अलर्ट; कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवा की चेतावनी

झारखंड में मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाओं की चेतावनी दी।

Dayanand Roy
2 Min Read

Jharkhand Weather : झारखंड में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले दो दिनों से रांची समेत राज्य के कई जिलों में रुक-रुक कर हो रही बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम सुहावना बना हुआ है।

रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, 8 जुलाई से 9 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम समेत राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

11 जुलाई तक येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 11 जुलाई तक पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ बारिश, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि गरज-चमक के समय अनावश्यक यात्रा से बचें, खुले मैदान, ऊंचे स्थान और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। बिजली गिरने की आशंका होने पर तुरंत किसी सुरक्षित भवन में शरण लें।

प्रशासन ने भी लोगों से मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *