Gangster Network: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी और कई संगीन मामलों की आरोपी रिया सिन्हा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रांची जेल से चाईबासा मंडल कारा शिफ्ट किए जाने के दौरान तलाशी में प्रतिबंधित सामान मिलने के बाद उसके खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 24 जून को रिया सिन्हा को सुरक्षा कारणों से रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से चाईबासा जेल भेजा गया था। जेल में प्रवेश से पहले की गई जांच के दौरान उसके पास से एक सिम कार्ड, मोबाइल चार्जर और अंग्रेजी में लिखे कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। जेल नियमों के अनुसार इन सामानों को अंदर ले जाना प्रतिबंधित है।
बरामदगी के बाद जेल प्रशासन की शिकायत पर चाईबासा सदर थाना में रिया सिन्हा के खिलाफ नया केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब जब्त सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिया सिन्हा पर हत्या, लूट, रंगदारी, फिरौती, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह लंबे समय से अपराध जगत से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रही है।
अधिकारियों का मानना है कि बरामद सामान से जेल के अंदर या बाहर संचालित किसी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। इसी वजह से मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
