World No Tobacco Day: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिले में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपायुक्त (DC) ऋतुराज ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित इस अभियान का उद्देश्य तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में आम लोगों को जागरूक करना और तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए DC ऋतुराज ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है और इससे कैंसर, हृदय रोग सहित कई जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से तंबाकू और उससे जुड़े सभी उत्पादों से दूर रहने की अपील की तथा परिवार और समाज को भी इसके नुकसान के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान, इससे बचाव के उपाय और सरकार द्वारा संचालित तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रमों की जानकारी देगा। अभियान के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। रैली में शामिल साहियाओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने तंबाकू मुक्त समाज का संदेश देते हुए लोगों से नशे की आदत छोड़ने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन प्रभारी डॉ. स्वराज, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल पदाधिकारी डॉ. तूलिका रानी, एनडीसी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि जनभागीदारी के बिना तंबाकू मुक्त समाज का लक्ष्य हासिल करना संभव नहीं है, इसलिए सभी नागरिकों को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।
