राहुल गांधी 55 साल के हुए, प्रधानमंत्री और खरगे समेत कई नेताओं ने दी बधाई

Dayanand Roy
3 Min Read

नयी दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बृहस्पतिवार को 55 साल के हो गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके दीर्घायु होने की कामना की।

कांग्रेस के कई नेताओं ने “सामाजिक न्याय की लड़ाई” के लिए राहुल गांधी की सराहना की तो तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के साथ उनका रिश्ता खून का भले न हो, लेकिन विचार, नजरिए और उद्देश्य का जरूर है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘मैं पूरे कांग्रेस परिवार और देश भर के लाखों लोगों के साथ हमारे प्रिय नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को शुभकामनाएं देता हूं।

राहुल गांधी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।” उन्होंने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘‘फासीवादियों” से बिना किसी डर के मुकाबला करने का साहस, नफरत पर प्यार की जीत का संदेश और देश के गरीबों, हाशिये पर पड़े लोगों एवं पिछड़ों के लिए दूरदर्शी दृष्टि उन्हें वह नेता बनाती है जिसकी इस मुश्किल दौर में देश को जरूरत है।

वेणुगोपाल ने कहा कि ऐतिहासिक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ने आर्थिक और सामाजिक अन्याय के बोझ तले दबे लाखों लोगों के दिलों में आशा जगाई और सच्चा सामाजिक परिवर्तन लाने के प्रति राहुल गांधी का समर्पण एक ऐसा मार्ग है जिस पर उनके विरोधी भी चलने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी आपके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हैं और आपके मिशन का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं।”

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि वह शोषितों, वंचितों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और सामान्य वर्ग के गरीबों के अधिकारों के लिए जिस हद तक लड़ रहे हैं वह सच्चा सामाजिक न्याय है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आशा करता हूं कि पूरे देश में शांति एवं प्रेम का आपका संदेश तथा संविधान एवं लोकतंत्र की रक्षा के लिए दृढ़ संकल्प के साथ किए जा रहे आपके प्रयास सफल होंगे।” गहलोत ने कहा, ‘‘अब समय आ गया है कि आप आगे बढ़ें और देश का नेतृत्व करें, लोकतंत्र को मजबूत करें और संविधान की रक्षा करें।” 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *