केसी त्यागी की जदयू से हो सकती है छुट्टी!

Dayanand Roy
6 Min Read

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भारतरत्न देने की मांग से पार्टी ने किया किनारा

पटना : जदयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद केसी त्यागी एक बार फिर चर्चा में हैं। इसकी वजह उनके ऐसे बयान हैं जो जदयू की आधिकारिक सोच से मेल नहीं खाते। केसी त्यागी  की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को  ‘भारत रत्न की मांग से पार्टी असहज महसूस कर रही है। जदयू के बड़े नेताओं ने त्यागी के बयान से किनारा कर लिया है।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने शनिवार को कहा किे यह उनकी अपनी राय है। उन्होने कहा कि केसी त्यागी के बयान का पार्टी की विचारधारा और पार्टी के आधिकारिक स्टैंड से कोई लेना नहीं होता है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, केसी त्यागी के हालिया बयानों से जदयू में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत पार्टी का शीर्ष नेतृत्व खासा नाराज है और आने वाले दिनों में उन पर कार्रवाई की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।

गौर हो कि हाल ही में केसी त्यागी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ देने की मांग की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री से गुहार लगाते हुए पत्र भी लिखा था। लेकिन पार्टी के द्वारा उनके बयानों से किनारा कर लिए जाने बाद भी यह स्पष्ट नही हो पा रहा है कि वह पार्टी के साथ हैं या नहीं।

हालांकि, केसी त्यागी जदयू के पूर्व राज्यसभा सांसद हैं और पार्टी से उनको निकाले जाने की अभी तक कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुई है। इससे पार्टी के अंदर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दिलचस्प बात यह है कि जदयू का कोई भी बड़ा नेता खुलकर यह पुष्टि नहीं कर रहा है कि केसी त्यागी अब पार्टी में नहीं हैं।

उनका बयान आईपीएल में बांग्लादेशी क्रिकेट खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को खेलाने पर उठे विवाद के बाद आया था ,जो पार्टी लाइन के खिलाफ था। केसी त्यागी ने बिना पार्टी से पूछे बयान दिया था। बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और उनकी हत्याओं के बाद भारत में मुस्तफिजुर को लेकर जबर्दस्त आक्रोश था। त्यागी के बयान का जदयू नेतृत्व ने संज्ञान लिया है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि त्यागी का यह बयान ठीक नहीं है और उनको खेल और आईपीएल जेसै मामलों पर बोलने कि क्या जरूरत है? इसके अलावा केसी त्यागी को राष्ट्रीय प्रवक्ता से  हटाए जाने के बाद भी उनके बयान पार्टी को कई मौके पर असहज करने वाले होते हैं , जिससे पार्टी आलाकमान नाराज हैं। आने वाले दिनों में पार्टी उन पर कार्रवाई कर सकती है। 

इस बीच नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग को एक नया समर्थन भी मिला है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने केसी त्यागी के बयान का समर्थन करते हुए नीतीश कुमार को भारत रत्न देने की मांग की है। मांझी ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया पर किए एक पोस्ट में नीतीश कुमार को भारत रत्न के लिए उपयुक्त बताया। 

उन्होंने लिखा, ‘भारत रत्न नीतीश कुमार जी… ये शब्द सुनने में कितना अच्छा लगेगा ना। हमें पुर्ण विश्वास है कि अपने फ़ैसले से सबको चौंका देने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को भारत रत्न से नवाज़े जाने का फ़ैसला कर एक बार फिर से सबको चौकाएंगें। भारत रत्न नीतीश कुमार…।’

उल्लेखनीय है कि के. सी. त्यागी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने की मांग की है। 8 जनवरी 2026 को लिखे इस पत्र में त्यागी ने 30 मार्च 2024 के उस ऐतिहासिक दिन का स्मरण कराया है, जब केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से नवाजा था।

के. सी. त्यागी ने अपने पत्र में लिखा है कि जिस तरह चौधरी चरण सिंह और कर्पूरी ठाकुर ने किसानों, शोषितों और हाशिए पर खड़े लोगों के लिए सार्थक प्रयास किए, उन्हीं आदर्शों को नीतीश कुमार आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होेंने नीतीश कुमार को “समाजवादी आंदोलन का बचा हुआ अनमोल रत्न” बताते हुए कहा कि वे इस सर्वोच्च सम्मान के पूरी तरह योग्य हैं। पत्र में इस बात पर भी जोर दिया गया है कि इतिहास में पहले भी कई नायकों को उनके जीवित रहते यह सम्मान मिल चुका है।

त्यागी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हुए नीतीश कुमार को ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाए, ताकि समाज के प्रति उनके योगदान को इतिहास में उचित स्थान मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *