Excise Department Raid : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल और अवैध शराब भी जब्त की गई।
उपायुक्त और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई तांतनगर ओपी और मंझारी थाना क्षेत्र के ग्राम खड़िया सिन्दरी में की गई। छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 700 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ और करीब 20 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की।
उत्पाद विभाग की टीम ने दोनों अवैध भट्ठियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि इस मामले में संबंधित भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसे आगे भी सख्ती से जारी रखा जाएगा।
इसी क्रम में लाइसेंसी शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया। यशोदा टॉकीज के पास स्थित कंपोजिट दुकान की जांच के दौरान संचालकों को नियमों के अनुसार संचालन करने और केवल निर्धारित एमआरपी पर ही बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
