Khalari News : ईद उलअजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को खलारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने लोगों से पर्व को भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। डीएसपी रामनारायण चौधरी ने कहा कि ईद उलअजहा त्याग और बलिदान का प्रतीक पर्व है, जिसे सभी समुदायों के सहयोग और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
वहीं, थाना प्रभारी राम कुमार वर्मा ने कहा कि पर्व के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। शराबियों, असामाजिक तत्वों और नशाखुरानी गिरोहों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
बैठक में सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस मौके पर शांति समिति के कई सदस्य और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
