Pakur Power Crisis : पाकुड़ जिले में लगातार खराब बिजली आपूर्ति और भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने विद्युत व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को राजद जिलाध्यक्ष महावीर मड़ैया के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा से मुलाकात कर बिजली संकट पर नाराजगी जताई।
इस दौरान राजद ने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो पार्टी जनहित में ‘हल्ला बोल’ आंदोलन शुरू करेगी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि गर्मी के बीच अनियमित बिजली आपूर्ति से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है और हालात गंभीर बने हुए हैं।
तिलभिटा फीडर में लो-वोल्टेज की समस्या
प्रतिनिधिमंडल ने खासतौर पर तिलभिटा फीडर क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या उठाई। बताया गया कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में वोल्टेज इतना कम है कि पंखे और अन्य विद्युत उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
विभाग ने रविवार तक सुधार का दिया आश्वासन
विद्युत कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र बेसरा ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि तकनीकी खामियों को दूर करने के लिए विभाग तेजी से काम कर रहा है और रविवार तक बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि ‘प्रधानमंत्री मुफ्त बिजली योजना’ के तहत उपभोक्ता सौर ऊर्जा (सोलर सिस्टम) अपनाकर राहत पा सकते हैं। योजना के अंतर्गत 30 हजार से 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है।
बैठक में राजद जिला सचिव हजरत शेख, युवा नेता और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जिले में नियमित बिजली आपूर्ति और बेहतर वोल्टेज व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
