लातेहार में गैस और राशन वितरण पर प्रशासन सख्त, गड़बड़ी मिलने पर होगी कार्रवाई: डीसी

लातेहार प्रशासन ने गैस और राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, गड़बड़ी या अतिरिक्त वसूली पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

Dayanand Roy
2 Min Read

लातेहार जिले में गैस सिलेंडर और राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त संदीप कुमार ने मंगलवार को समीक्षा बैठक कर गैस एजेंसियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को समय पर सेवा मिले और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में गैस सिलेंडर की आपूर्ति, होम डिलीवरी व्यवस्था और उपभोक्ताओं तक समय पर सेवा पहुंचाने पर विस्तार से चर्चा हुई। डीसी ने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखें और किसी भी उपभोक्ता से अतिरिक्त राशि वसूली या लापरवाही की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने लंबित गैस आपूर्ति और ग्रामीण क्षेत्रों में समय पर सिलेंडर नहीं पहुंचने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एजेंसी प्रतिनिधियों से जवाब तलब किया। उन्होंने कहा कि दूरदराज इलाकों में भी गैस वितरण सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए और कृत्रिम संकट किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगा।

समीक्षा बैठक में राशन वितरण योजनाओं की भी जांच की गई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, झारखंड खाद्य सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री दाल-भात योजना और चना दाल वितरण योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। साथ ही लाभुकों के ई-केवाईसी और राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतों की समीक्षा की गई।

डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक समय पर राशन पहुंचे और किसी गरीब परिवार को सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। राशन वितरण में गड़बड़ी, कम राशन देने या फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *