Deoghar News : झारखंड के देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सारठ प्रखंड के पुरनीकरहैयां स्थित डाकाय जंगल में कुछ लोग मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन शॉपिंग और डिजिटल पेमेंट के नाम पर लोगों को झांसे में लेते थे। वे पीड़ितों के मोबाइल पर OTP भेजकर उसे साझा करने के लिए कहते थे और OTP मिलते ही उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 8 सिम कार्ड और साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीत कुमार मंडल, दिनेश कुमार दास, अक्षय कुमार दास, प्रभात कुमार दास और संदीप कुमार दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से कुछ आरोपियों का साइबर अपराध से जुड़े मामलों में पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
