लातेहार : लातेहार जिले के महुआडांड़ इलाके में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तेज बारिश के कारण राजडंडा नदी पर बना पुल का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया। पुल टूटने के बाद महुआडांड़-गारू-लातेहार-पलामू मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है।
राजडंडा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और तेज बहाव के कारण पानी सड़क के ऊपर से गुजर रहा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रास्ते पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
प्रशासन ने मार्ग किया सील

महुआडांड़ और आसपास के इलाकों में शनिवार से ही तेज बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण राजडंडा नदी उफान पर आ गई। पानी के तेज बहाव और दबाव की वजह से पुल का एक हिस्सा टूट गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एहतियातन मार्ग को सील कर दिया। इसके चलते महुआडांड़ से गारू, लातेहार और पलामू की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता बंद हो गया। हालांकि, लोगों और वाहनों की सुविधा के लिए प्रशासन ने तत्काल एक वैकल्पिक मार्ग शुरू कराया है।
हजारों वाहनों की आवाजाही प्रभावित
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, यह सड़क इलाके के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। लातेहार, पलामू और महुआडांड़ को छत्तीसगढ़ से जोड़ने वाले इस मार्ग पर पुल टूटने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम
महुआडांड़ के एसडीएम सुलेमान मुंडरी ने बताया कि पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों का परिचालन रोक दिया गया है। प्रशासन की ओर से फिलहाल वैकल्पिक रास्ते से वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई है।
उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी रोड डिविजन के अभियंताओं को दे दी गई है। अभियंताओं की टीम मौके पर पहुंचकर पुल की स्थिति का निरीक्षण करेगी। इसके बाद वाहनों के परिचालन के लिए बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
सतनदिया नदी भी उफान पर
लगातार बारिश के कारण गारू-पलामू मुख्य मार्ग पर सतनदिया नदी भी उफान पर है। नदी का पानी कई स्थानों पर सड़क के ऊपर से तेज रफ्तार में बह रहा है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर अपील की गई है कि पानी का बहाव कम होने तक इन रास्तों से गुजरने की कोशिश न करें। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी व तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।
