बाघमारा: धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बीसीसीएल एरिया-1 स्थित मुराईडीह खास ओबी के पीछे छापेमारी कर करीब 62 टन अवैध कोयला बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह अभियान CISF के डीआईजी राजीव मिश्रा के निर्देश और निगरानी में चलाया गया। खुफिया सूचना मिलने के बाद CISF की टीम ने तय स्थान पर छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा किया गया कोयला बरामद हुआ।
फिलहाल बरामद कोयले को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी और विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। CISF की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे किन लोगों का हाथ है।
बताया जा रहा है कि कोयले की अवैध निकासी और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सुरक्षा एजेंसियां कोयला क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा रही हैं ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।
