Giridih News : गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के बीबीसी रोड स्थित सतगलिया मोहल्ले में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये की नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़िता श्वेता सिन्हा ने बताया कि वह पिछले सप्ताह अपनी बेटी के इलाज के लिए हजारीबाग गई थीं। उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं, इसलिए घर बंद था। शुक्रवार को जब वह वापस लौटीं तो घर का बाहरी ताला सही-सलामत था, लेकिन अंदर का दरवाजा खुला मिला।
घर के अंदर जाने पर सभी कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे करीब पांच लाख रुपये नकद तथा 10 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके अलावा अन्य कीमती सामान भी चोरी कर लिया गया।
सूचना मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर चोरों के बारे में सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की इस वारदात का खुलासा करने का दावा किया है।
