रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर रथ मेले की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी को लेकर एडीजी मनोज कौशिक की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में रांची पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे, जिनमें एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी प्रमुख रूप से मौजूद थे। इसके अलावा स्थानीय पार्षद, पूर्व पार्षद और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक के दौरान लोगों ने कई सुझाव रखे, जिनमें महिला सुरक्षा को मजबूत करने, पॉकेटमारों पर सख्त कार्रवाई करने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पूरे आयोजन के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया है, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि इस वर्ष जगन्नाथपुर रथ मेला 16 जुलाई से शुरू होगा, जिसमें भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
