Jamshedpur Bike Theft : शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच साकची थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक संगठित बाइक चोरी गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजादनगर निवासी शमशाद आलम और मानगो निवासी अरुण मुखर्जी के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों के पास से चोरी की पांच बाइक बरामद की गई हैं। ये बाइक शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। इनमें दो बाइक शमशाद के पास से और तीन बाइक अरुण के कब्जे से बरामद हुईं।
नंबर प्लेट बदलकर छिपाते थे पहचान
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की बाइकों की नंबर प्लेट बदल देते थे और इंजन व चेसिस नंबर मिटाकर उनकी पहचान छिपाने की कोशिश करते थे। मामले का खुलासा 20 मई को करीम सिटी कॉलेज के पास हुई बाइक चोरी की जांच के दौरान हुआ।
जांच के क्रम में साकची थाना पुलिस ने पहले शमशाद आलम को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अरुण मुखर्जी की संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
एक चोरी करता था, दूसरा बेचने का काम
पुलिस के मुताबिक, शमशाद शहर के अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी करता था, जबकि अरुण उन बाइकों को कम कीमत में बेचने का काम करता था। जो वाहन नहीं बिकते थे, उन्हें स्क्रैप में खपा दिया जाता था।
5 चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच चोरी की बाइक जब्त की हैं, जिनमें स्प्लेंडर, पैशन प्रो और सुपर स्प्लेंडर जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से शहर में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
