Ranchi Rath Yatra : राजधानी रांची की ऐतिहासिक जगन्नाथ रथ यात्रा को और भव्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जगन्नाथ मंदिर परिसर में जल्द ही एक भव्य प्रवेश द्वार (एंट्रेंस गेट) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे मंदिर की पहचान और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को राज्यपाल संतोष गंगवार के साथ रथ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया और श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची की रथ यात्रा झारखंड की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत का अहम हिस्सा है। राज्य सरकार इस आयोजन को आने वाले वर्षों में और बेहतर सुविधाओं तथा भव्य स्वरूप के साथ आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल का इस पावन अवसर पर रथ यात्रा में शामिल होना पूरे झारखंड के लिए खुशी और गौरव की बात है। सरकार का प्रयास है कि रांची की यह ऐतिहासिक रथ यात्रा देशभर में अपनी अलग पहचान बनाए।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि हर साल रथ यात्रा पहले से अधिक व्यवस्थित और भव्य तरीके से आयोजित हो सके।
