रांची में पुलिसकर्मियों से बदसलूकी पड़ी भारी, वर्दी उतरवाने की धमकी देने वाले 2 युवक गिरफ्तार

रांची के धुर्वा में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम से बदसलूकी और धमकी देने के मामले में दो युवक गिरफ्तार। एक आरोपी फरार, पुलिस उसकी तलाश में जुटी।

Dayanand Roy
2 Min Read

Dhurwa Police Station: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम के साथ बदसलूकी और धमकी देने का मामला सामने आया है। मारपीट की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस से कुछ युवकों ने न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार, घटना 23 मई की सुबह की है। टाइगर मोबाइल के जवान सुनील कुजूर और आरक्षी शिव प्रकाश नियमित गश्ती पर थे। इसी दौरान सुबह करीब 7:15 बजे प्रभाततारा मैदान के पास दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक एक लड़के के साथ मारपीट करते मिले।

पीड़ित को बचाने पहुंची पुलिस से उलझे आरोपी

पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर पीड़ित युवक को बचाने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान युवक पुलिस टीम से उलझ गए और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी उतरवाने और जान से मारने की धमकी भी दी।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद पीसीआर और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि एक युवक मौके से फरार हो गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

गिरफ्तार युवकों की पहचान शुभम कुमार (18) और अभिषेक चौहान (20) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने, सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *