एनडीए में सीटों का बंटवारा लगभग तय, तीन दिन तक मशक्कत के बाद आखिरकार मान गए चिराग पासवान

Dayanand Roy
4 Min Read

महेश सिन्हा

 पटना : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीट शेयरिंग का मामला अब सुलझता नजर आ रहा है। इसमें सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। भाजपा नेताओं ने तीन दिनों तक  बैठकों की कई दौर के  बाद लोजपा (रा) प्रमुख चिराग पासवान को मना लिया है।

सूत्रों के अनुसार लोजपा (रा) के साथ सीट शेयरिंग फाइनल कर लिए जाने की खबर है। चिराग पासवान ने शुक्रवार  को मीडिया से बातचीत में कहा है कि गठबंधन के भीतर सम्मानजनक और सकारात्मक माहौल में बातचीत चल रही है।

बहुत जल्द सीट बंटवारे की औपचारिक घोषणा की जाएगी। उनका कहना था कि हम लोग सब चीजें पहले ही क्लियर कर ले रहे हैं। अब केवल अंतिम निर्णय बाकी है।

जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या उनकी डिमांड सम्मानपूर्वक मानी गई है, तो चिराग ने मुस्कुराते हुए कहा कि जहां मेरे प्रधानमंत्री मोदी हैं, वहां कम से कम मुझे मेरे सम्मान के बारे में सोचने की जरूरत नहीं है। सूत्र बता रहे हैं कि शनिवार तक हर हाल में एनडीए में सीटों का बंटवारा हो जायेगा।

भाजपा नेता और  केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने भी कहा कि जल्द ही सारी बातें तय हो जाएंगी। उन्होंने चिराग पासवान के साथ बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच सहमति का मार्ग खुल गया है और अंतिम निर्णय जल्द ही लिया जाएगा।

बैठक के बाद दोनों नेता मुस्कुराते हुए बाहर निकले जो राजनीतिक हलकों में यह संकेत दे रहा है कि सीट बंटवारे का मसला अब अंतिम चरण में है। चिराग की इस बात से यह साफ हो गया कि एनडीए के अंदर जो पेंच था, वह अब लगभग सुलझ गया है और दोनों दल अपने अपने प्रस्तावों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में हैं।

अब यह साफ  हो गया कि चिराग पासवान अपनी पार्टी और गठबंधन में अपनी स्थिति से संतुष्ट हैं और उन्हें विश्वास है कि उनकी मांगों को उचित माना गया है। सियासी गलियारों में यह चर्चा  तेज है कि भाजपा और लोजपा (रा) के बीच  सहमति लगभग बन चुकी है। 

 उल्लेखनीय है कि भाजपा नेतृत्व ने चिराग को मनाने की जिम्मेदारी नित्यानंद राय को सौंपी थी। गुरुवार को भी राय दो बार चिराग के आवास पहुंचे थे, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही थी। बाद में देर रात भाजपा के बिहार प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल हुए और तीनों नेताओं के बीच लगभग 25 मिनट तक चर्चा चली। सूत्रों का कहना है कि भाजपा ने चिराग की कुछ प्रमुख मांगों को मानने पर सहमति जताई है।

लोजपा (रा) को उसके प्रभाव वाले इलाकों हाजीपुर, समस्तीपुर, जमुई, वैशाली और खगड़िया में पर्याप्त सीटें मिलने की संभावना है। सूत्रों कि माने तो चिराग पासवान से 23 सीटों पर बात तय हो गयी है। इसके साथ ही उन्हें उच्च सदन में भी जगह देने का भरोसा दिलाया गया है। इसमें एक विधान परिषद सीट और एक चिराग पासवान की मां रीना पासवान के लिए राज्यसभा सीट पर बात तय हुई है।

 सूत्रों के अनुसार पासवान ने बिहार विधानसभा चुनावों के लिए अपनी पूर्व की 40 सीटों की मांग को कम करते हुए अब भाजपा को 30 सीटों की सूची सौंपी थी। उनका कहना था   कि लोकसभा में उनके पांच सदस्य हैं। एक  लोकसभा क्षेत्र के तहत  छह विधानसभा क्षेत्र  आते हैं।इस हिसाब से उन्हे 30 सीट  मिलनी चाहिए।

लेखक न्यूजवाणी बिहार के संपादक हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *