रांची के मोरहाबादी में जमीन पर बवाल, बाउंड्री तोड़ गाड़ा गया सरना झंडा, आखिर किसका है दावा?

रांची के मोरहाबादी में जमीन विवाद के बीच बाउंड्री तोड़कर सरना झंडा लगाने का आरोप लगा है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं, जांच की मांग उठी है।

Dayanand Roy
2 Min Read

Morabadi Land Dispute : राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित रजिस्ट्री ऑफिस के पास एक जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। जमीन मालिक पक्ष का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी बनी हुई बाउंड्री तोड़ दी और उसी जगह सरना झंडा गाड़ दिया। उनका कहना है कि ऐसा जमीन पर अपना दावा जताने के लिए किया गया।

मालिक पक्ष के मुताबिक, पिछले करीब छह महीने से वे इस जमीन पर निर्माण कार्य कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बार-बार काम रुकवाया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार बाउंड्री भी तोड़ी गई और मजदूरों को काम नहीं करने दिया गया।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले ही लालपुर थाना में की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से जमीन से जुड़े कागजात मांगे थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अब तक जरूरी दस्तावेज पेश नहीं किए।

जमीन मालिक का यह भी आरोप है कि हाल के दिनों में बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे, बाउंड्री गिरा दी और वहां सरना झंडा लगा दिया। इसके अलावा कुछ लोगों पर निर्माण शुरू करने के बदले रंगदारी मांगने का भी आरोप लगाया गया है।

विवाद की वजह जमीन की प्रकृति को लेकर भी बताई जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, खाता संख्या 133 की यह जमीन सामान्य श्रेणी की है, जिसे वर्ष 2008 में नियम के तहत खरीदा गया था। फिलहाल इस जमीन की मालिक मनीषा सिन्हा हैं। वहीं दूसरा पक्ष इस जमीन को अनुसूचित जनजाति (ST) की जमीन बताते हुए अपना दावा कर रहा है।

फिलहाल जमीन मालिक पक्ष ने प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग और अदालत से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जमीन के असली मालिक का फैसला सभी दस्तावेजों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *