Khunti Double Murder : झारखंड के खूंटी जिले में तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में महिला के पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और बच्चे की कस्टडी को लेकर तनाव था। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई।
10 जुलाई को मिले थे दोनों के शव
10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के धाराटोली स्थित तजना नदी पुल के पास एक युवक और एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया और जांच शुरू की गई।
वैज्ञानिक जांच से खुला मामला
पुलिस ने बताया कि तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत ने वारदात में अपनी भूमिका और साजिश की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
महिला समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में सती देवी, जितेंद्र सिंह उर्फ जयरा, रितेश चौक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत और विजय रंजन शर्मा को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
वाहन, मोबाइल और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की दो रॉड, दोनों मृतकों और आरोपियों के मोबाइल फोन तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। इन सभी सामानों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
