Dhanbad News : कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद दो नंबर इलाके में 27 मई को हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में 22 नामजद और 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फायरिंग में घायल दो लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह घटना विकास बजरंगी और अमित यादव गुट के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी दुश्मनी का परिणाम है। विवाद अचानक हिंसक हो गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ताबड़तोड़ गोलियां चलीं।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर आनंद यादव, विवेक ठाकुर और करण दास को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है।
