चतरा में चोरी का खुलासा: मुर्गी फार्म से गायब हुआ दाना बरामद, एक शातिर चोर गिरफ्तार

चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुर्गी फार्म से चुराए गए दाने की 21 बोरियों के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।

Dayanand Roy
3 Min Read

Chatra News: चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में हुई चोरी की एक वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में ही पर्दाफाश कर दिया है। मुर्गी फार्म से बड़ी मात्रा में चुराए गए मुर्गी दाने के साथ पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर थाना क्षेत्र के डहुरा गांव निवासी अरविंद कुमार यादव के रूप में की गई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलिमपुर मोड़ के पास पेक्सा गांव जाने वाली सड़क के किनारे आमतारी स्थित एक मुर्गी फार्म से भारी मात्रा में मुर्गी दाना चोरी हो गया था। एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस चोरी किए गए सामान को सदर थाना क्षेत्र के एक गुप्त ठिकाने पर छिपाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत कार्रवाई के लिए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

तुराग गांव में की गई छापेमारी, भेजा गया न्यायिक हिरासत में

गठित विशेष टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के तुराग गांव में औचक छापेमारी की। इस दौरान संदिग्ध अरविंद कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके ठिकाने से 50-50 किलो की कुल 21 बोरियां मुर्गी दाना बरामद कर लिया।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि जिले में चोरी, अवैध भंडारण या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इस मामले में गिद्धौर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तार आरोपी को कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *