मधुपुर में 700 से ज्यादा छात्राओं को मिली साइकिल, मंत्री हफीजूल हसन बोले- बेटियों की शिक्षा सरकार की प्राथमिकता

मधुपुर में 700 से अधिक छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। मंत्री हफीजूल हसन ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता झारखंड सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Dayanand Roy
2 Min Read

Hafizul Hasan Cycle Distribution : छात्राओं की पढ़ाई को आसान बनाने और उन्हें स्कूल आने-जाने में सहूलियत देने के उद्देश्य से गुरुवार को मधुपुर के आंची देवी गर्ल्स मिडिल स्कूल में साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन मंत्री हफीजूल हसन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत 700 से अधिक छात्राओं के बीच साइकिलें वितरित कीं।

इस मौके पर मंत्री हफीजूल हसन ने कहा कि राज्य सरकार बेटियों की शिक्षा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों से स्कूल आने वाली छात्राओं को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। साइकिल मिलने से उनकी परेशानी कम होगी, समय बचेगा और पढ़ाई भी नियमित रूप से जारी रहेगी।

मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बेटी सिर्फ दूरी की वजह से पढ़ाई न छोड़े। उन्होंने कहा कि छात्राओं को शिक्षित और सशक्त बनाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है।

साइकिल मिलने के बाद छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने इस योजना की सराहना करते हुए सरकार और मंत्री हफीजूल हसन का आभार जताया।

कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *