झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पूर्व मंत्री बैजनाथ राम को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में पार्टी के विधायकों, मंत्रियों, सांसदों और वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक के दौरान बैजनाथ राम के नामांकन पत्र दाखिल करने से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। नामांकन पत्र के विभिन्न सेटों पर विधायकों के हस्ताक्षर कराए गए। राज्यसभा चुनाव के नियमों के अनुसार नामांकन पत्र के प्रत्येक सेट में निर्धारित संख्या में विधायकों का प्रस्तावक के रूप में समर्थन जरूरी होता है।
सूत्रों के अनुसार, बैजनाथ राम कम से कम दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके लिए अलग-अलग विधायकों से हस्ताक्षर लेकर दोनों सेट तैयार किए गए हैं। पार्टी नेतृत्व नामांकन प्रक्रिया को लेकर कोई भी औपचारिक कमी नहीं छोड़ना चाहता।
झामुमो महासचिवों और वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के दूसरे संभावित उम्मीदवार को लेकर भी अनौपचारिक बातचीत हुई, हालांकि इस पर अंतिम फैसला भाजपा के उम्मीदवार की घोषणा और सहयोगी दलों की रणनीति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
बैठक में बैजनाथ राम के अलावा स्टीफन मरांडी, मथुरा महतो, दीपक बिरुआ, हफीजुल हसन, बसंत सोरेन समेत पार्टी के कई विधायक और नेता मौजूद रहे।
पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार बैजनाथ राम 8 जून को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसे लेकर झामुमो संगठन और महागठबंधन के नेताओं के बीच लगातार समन्वय बनाया जा रहा है।
