गुमला में डकैती की साजिश नाकाम, देसी कट्टा के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

गुमला के रायडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने डकैती की साजिश नाकाम करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से देसी कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए।

Dayanand Roy
2 Min Read

Gumla News: गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 मई 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि जगमाई गांव स्थित देवलाल खड़िया के घर के पीछे कुछ लोग इकट्ठा होकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।

तलाशी में देसी कट्टा और कारतूस बरामद

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

तलाशी में अनिल साहु के पास से एक देसी कट्टा और लोडेड जिंदा कारतूस बरामद किया गया। वहीं रीतेश दास के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और वर्मी सिंह के पास से आईटेल कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में वर्मी सिंह, देवलाल खड़िया, रीतेश दास, अनिल साहु समेत कुल छह लोग शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में रायडीह थाना कांड संख्या 21/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

छापेमारी दल में थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव के अलावा पुलिस अधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *