झारखंड पुलिस लगातार अपराधियों को ठिकाने लगा रही है, भाजपा की तरह सिर्फ़ हवाई फायरिंग नहीं : डॉ तनुज खत्री

Dayanand Roy
2 Min Read

पाकिस्तान से हथियार आने की ज़िम्मेदारी केंद्र सरकार की

रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयानों पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। झामुमो के केंद्रीय सदस्य डॉ. तनुज खत्री ने कहा कि भाजपा नेता सिर्फ़ राजनीतिक दिखावा कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि झारखंड पुलिस लगातार अपराधियों को ठिकाने लगाने और उन्हें न्याय के हवाले करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी पुलिस भाजपा सरकार जैसी हवाई फायरिंग नहीं करती, बल्कि हर कार्रवाई सटीक और प्रभावी होती है। अपराधी चाहे कितने भी शक्तिशाली हों, पुलिस उन्हें पकड़ कर कानून के हवाले कर न्याय तक पहुंचाती है।

पुलिस की यही सतत कार्रवाई राज्य में कानून और व्यवस्था मजबूत कर रही है। तनुज ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में खुद खुलासा किया और अपराधियों पर कार्रवाई कर उन्हें निष्क्रिय किया।हेमंत सरकार के नेतृत्व में पुलिस ने लगातार कार्रवाई करके दिखा दिया है कि झारखंड में अपराधियों को बचने का कोई मौका नहीं मिलेगा।

और यदि पाकिस्तान से हथियार आ रहे हैं, तो उसकी जवाबदेही केंद्र सरकार की है, न कि झारखंड पुलिस की।बाबूलाल मरांडी का बयान सिर्फ़ राजनीतिक सस्ते प्रचार का प्रयास है, ताकि जनता का ध्यान विकास और सुरक्षा के कामों से हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है —अपराध चाहे सीमा पार से जुड़ा हो या राज्य के भीतर का, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस और जांच एजेंसियां पूरी निष्ठा और प्रभावी ढंग से अपना काम कर रही हैं। बाबूलाल मरांडी  को सलाह है कि वे बयानबाज़ी से पहले तथ्यों की जानकारी लें। झारखंड पुलिस लगातार अपराधियों को ठिकाने लगा रही है और उन्हें उनके अंजाम तक पहुंचा रही है। भाजपा की तरह दिखावटी हवाई फायरिंग नहीं कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *